फाइनल में विक्रांत क्रिकेट अकादमी की रोमांचक जीत, कानपुर को 3 रन से हराया

139 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कानपुर 135 रन पर सिमटी

दतिया

शाइनिंग स्टार क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित ऑल इंडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में विक्रांत क्रिकेट अकादमी ग्वालियर ने कानपुर को रोमांचक मुकाबले में 3 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया।

रावतपुरा कॉलेज क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए विक्रांत क्रिकेट अकादमी ने 20 ओवर में 139 रन बनाए। टीम की ओर से मोनू रावत ने 39, शिवम ने 23 और तुषार चतुर्वेदी ने 20 रन का योगदान दिया। कानपुर की ओर से मृदुल ने 3 और रविंद्र ने 2 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर की टीम 9 विकेट खोकर 135 रन ही बना सकी। टीम की ओर से राज कुशवाहा ने 42 और मृदुल ने 40 रन बनाए। विक्रांत की ओर से नेक सिंह ने 3 विकेट झटके, जबकि पवन और राजदीप को एक-एक विकेट मिला।

 नेक सिंह बने मैन ऑफ द सीरीज

टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए नेक सिंह को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया, जिन्होंने 75 रन बनाने के साथ 10 विकेट भी लिए। वहीं फाइनल मुकाबले में विनय को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

धीरज सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, राजदीप गुर्जर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज

टूर्नामेंट में विक्रांत क्रिकेट अकादमी के धीरज ने 191 रन बनाकर सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का खिताब जीता। वहीं राजदीप गुर्जर ने 14 विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार हासिल किया। विजय को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

 विजेता को 71 हजार, उपविजेता को 41 हजार रुपए

मुख्य अतिथि वैभव गुप्ता टीआई और विशेष अतिथि संजय रावत (खेल एवं युवा कल्याण विभाग) की मौजूदगी में विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 71 हजार रुपए और उपविजेता टीम को 41 हजार रुपए प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का संचालन कुशाग्र रावत ने किया। इस दौरान कई क्रिकेट खिलाड़ी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।