कट्टे से खुद पर चली गोली, घायल होने पर 12 को लोगों फंसाने के लिए करा दी FIR; पुलिस ने पकड़ा झूठ

ग्वालियर। आरोन के बन्हेरी गांव में अपराध का फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां पिछले महीने नीतेश रावत ने गांव के ही 12 लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाकर हत्या के प्रयास की एफआइआर दर्ज कराई। जब पुलिस आरोपितों को तलाशने पहुंची तो कोई खेत पर मिला कोई घर में सो रहा था। इस मामले में पुलिस को संदेह हुआ और पड़ताल शुरू हुई।

फरियादी और उसके साथी नीतेश रावत व रघुवीर रावत के मोबाइल जांच के लिए जब्त हुए। इसी में एक कॉल रिकॉर्डिंग पुलिस को मिल गई, जिसमें सामने आया कि नीतेश ने कमर में कट्टा लगाया और खुद ही गोली चल गई थी।