ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मेजर की मौत, शहर ने नम आंखों से दी विदाई तिरंगे में लिपटकर घर लौटा वीर सपूत, “अमर रहे” के नारों के बीच अंतिम संस्कार देश सेवा में समर्पित परिवार का बेटा नहीं रहा, शहर में शोक की लहर दतिया। देश सेवा के दौरान दतिया के एक और वीर सपूत ने अंतिम सांस ली। दतिया निवासी 41 वर्षीय सेना अधिकारी मेजर अमनदीप सिंह का राजस्थान के सूरजगढ़ में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। शनिवार को उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा हुआ दतिया पहुंचा, जहां उन्हें पूरे सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
पार्थिव शरीर के शहर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। हाईवे स्थित सखी बाबा मुक्तिधाम तक अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। अमर रहे के नारों के बीच शहर ने अपने वीर सपूत को नम आंखों से विदा किया।
अंतिम संस्कार के दौरान सेना के जवानों ने मेजर अमनदीप सिंह को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। यह सम्मान उनकी ही बटालियन के जवानों द्वारा प्रदान किया गया। मौके पर पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा सहित पुलिस बल भी मौजूद रहा और सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई।
मेजर अमनदीप सिंह दतिया के रेलवे स्टेशन रोड स्थित गोविंद धर्मशाला के पास के निवासी थे। उनके पिता कैप्टन गुरदीप सिंह भी सेना में सेवाएं दे चुके हैं। इस प्रकार यह परिवार लंबे समय से देश सेवा से जुड़ा रहा है।
अचानक हुई इस घटना से पूरे शहर में शोक का माहौल है। लोगों ने इसे अपूरणीय क्षति बताते हुए वीर अधिकारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।