पढ़ाई करते समय मोबाइल से दूरी बनाएं छात्र - छात्राएं : अभिजीत दांगी

भविष्य से भेंट कार्यक्रम में छात्रों को शिक्षा के प्रति किया प्रेरित

दतिया। मध्यप्रदेश शासन के स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जिलेभर में 1 से 4 अप्रैल 2026 तक “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी क्रम में शनिवार को शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2, पीतांबरा पीठ दतिया में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

कार्यक्रम कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े के निर्देशन में आयोजित किया गया। इसमें जिला जनसंपर्क अधिकारी निहारिका मीना के प्रतिनिधि अभिजीत दांगी ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों की प्रार्थना से हुई। इसके बाद प्रभारी अतिथि अभिजीत दांगी और विद्यालय की प्रधानाध्यापिका आकांक्षा रावत ने मां सरस्वती का पूजन किया। अभिजीत दांगी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान और सामान्य ज्ञान जैसे विषयों पर ध्यान देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने छात्रों से मोबाइल फोन से दूरी बनाकर पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगोली, चित्रकला और विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए। इस अवसर पर जनशिक्षक अवधेश मिश्रा, एमपी सिंह बघेल, राखी अडजरिया, अनीता नाहर, प्रियंका चौधरी, भारती गुप्ता, राजेंद्र तोमर और राकेश गुप्ता सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।