भाजपा पार्षद की गोली मारकर हत्या
दतिया। नगरपालिका के वार्ड क्रमांक एक के पार्षद रामकुमार उर्फ कल्लू कुशवाहा की मंगलवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक कल्लू भाजपा से पार्षद थे। घटना सुबह करीब 8.30 बजे की है। शहर के रिछरा फाटक बाहर क्षेत्र में सुबह अज्ञात लोगों ने पार्षद पर फायरिंग की। अचानक हुई फायरिंग से कल्लू को संभलने का मौका नहीं मिला और गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है। आरोपी कौन थे यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
चार माह पूर्व जेल से छूटा था पार्षद
उल्लेखनीय है कि मृतक कल्लू कुशवाह ने पार्षद बालकिशन कुशवाह की हत्या की थी। इस हत्याकांड में कल्लू कुशवाह को आजीवन कारावास की सजा हुई थी। चार माह पूर्व ही कल्लू कुशवाह जमानत पर जेल से बाहर आया था। कल्लू कुशवाह की हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को कारण माना जा रहा है। हालांकि हत्या के कारणों का खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा।